मुख्यमंत्री को नींद की बिमारी, फिर सोते दिखे सिद्धरमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया एक बार फिर अलग वजहों से हेडलाइन्स में हैं। ऐसा उनके साथ बार-बार हो रहा है। पहले सिद्धरमैया की आंख विधानसभा सत्र के दौरान लग गई थी और उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस बार वो पत्रकारों के सामने झपकी लेते देखे गए। बेंगलुरु में अपनी ही पार्टी के बड़े नेताओं के सामने मुख्यमंत्री सोते नज़र आए। इस बार भी सिद्धरमैया की झपकी लेते हुए तस्वीरें कैमरे में कैद हो गई। बेंगलुरु में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी। प्रेस से कांग्रेस के नेता वेणुगोपाल बात कर रहे थे और इसी वक्त सिद्धरमैया झपकी लेते दिखे। जब कैमरे ने उनकी तस्वीरें कैद कर ली और पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सोते हुए देख लिया तो कांग्रेस नेता लक्ष्मी हेबालकर ने सिद्धरमैया को कोहनी मारकर जगाया। अंदर की खबर ये है कि सिद्धरमैया चाहकर भी नींद को रोक नहीं पाते हैं। उन्हें स्लीपिंग डिसऑर्डर की शिकायत है। इस समस्या से निजात पाने के लिए वो योगा भी करते हैं। लेकिन अभी तक वो इसे दूर नहीं कर पाए हैं। कई बार उन्हें विपक्ष के अलावा मीडिया ने भी निशाना बनाया है। लेकिन जिस तरह एक बीमारी होती है और उससे मरीज़ परेशान रहता है। मुख्यमंत्री की इस समस्या को उसी नज़र से देखना चाहिए।